Donald Trump; US Election Result 2024 LIVE Updates | Kamala Harris: अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में मतदान समाप्त होते ही नतीजे आने शुरू हो गए हैं। अब तक 38 राज्यों के नतीजे आ चुके हैं। इनमें से 24 में रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप और 14 में डेमोक्रेटिक पार्टी की कमला हैरिस ने जीत दर्ज की है।
अभी तक मतदान में कोई बड़ा उलटफेर नहीं हुआ है। डेमोक्रेट्स के वफादार ब्लू स्टेट ने कमला को जीत दिलाई है। वहीं, रिपब्लिकन पार्टी के वफादार रेड स्टेट से डोनाल्ड ट्रंप जीत रहे हैं। जब तक 7 स्विंग स्टेट्स के नतीजे नहीं आ जाते, तब तक कोई भी पार्टी जीत का दावा नहीं कर सकती।
स्विंग स्टेट्स वे राज्य हैं, जहां दोनों पार्टियों के बीच वोटों का अंतर बहुत कम है। ये किसी भी तरफ जा सकते हैं। इन राज्यों में 93 सीटें हैं। इनमें से अब तक ट्रंप ने नॉर्थ कैरोलिना में जीत दर्ज की है। NYT के मुताबिक, बाकी 7 राज्यों में से 4 में डोनाल्ड ट्रंप आगे चल रहे हैं।
अमेरिका के 50 राज्यों की 538 इलेक्टोरल वोट यानी सीटों के लिए मंगलवार को भारतीय समयानुसार शाम 4 बजे से वोटिंग शुरू हुई और आज सुबह करीब 9:30 बजे तक जारी रही।
राष्ट्रपति चुनाव के साथ ही अमेरिकी संसद के दोनों सदनों सीनेट और प्रतिनिधि सभा के लिए भी चुनाव हुए। इनमें भी ट्रंप की पार्टी रिपब्लिकन को बढ़त हासिल है।
अगर ट्रंप यह चुनाव जीतते हैं तो वे 4 साल बाद व्हाइट हाउस में वापसी करेंगे। ट्रंप 2017 से 2021 तक राष्ट्रपति रहे हैं। वहीं कमला हैरिस अगर जीतती हैं तो वे पहली महिला राष्ट्रपति बनकर इतिहास रच देंगी। वे फिलहाल अमेरिका की उपराष्ट्रपति हैं।